अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बर्फबारी के बाद राजधानी सहित ऊपरी शिमला के हजारों लोगों को जान जोखिम में डाल कर आवाजाही करनी होगी। पीडब्ल्यूडी का नेशनल हाइवे विंग इस बार बर्फबारी के मद्देनजर सड़क किनारे रेत मिट्टी डालना भूल गया है। मौसम विभाग की ओर से बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है बावजूद इसके, महकमा लापरवाही बरत रहा है। शिमला से आगे छराबड़ा, कुफरी, गलू, लंबीधार, फागू और नारकंडा में बर्फबारी के तुरंत बाद सड़क पर कोहरे की परत शीशे की तरह जम जाती है। बर्फ पर फिसलन के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। हर साल बर्फबारी से पहले विभाग की ओर से सड़क किनारे रेत मिट्टी के ढेर लगा दिए जाते थे, लेकिन इस बार सड़क किनारे रेत मिट्टी नहीं डाली गई है।
तुरंत होगी रेत डालने की व्यवस्था : अजय
इस बार सर्दी का मौसम एडवांस है। सामान्य तौर पर बर्फबारी दिसंबर माह में होती है इसलिए अभी तक नेशनल हाइवे पर रेत नहीं डाली गई है। लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर सड़क किनारे रेत मिट्टी डालने की तुरंत व्यवस्था कर दी जाएगी।
- अजय वर्मा, अधीक्षण अभियंता
पीडब्ल्य्रूडी नेशनल हाइवे विंग