शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने सर्दियों का मौसम और पीजी की परीक्षाओं को देखते हुए छात्रों के लिए चलने वाली यूनिवर्सिटी की बसों के समय को बदलने की मांग की है। बुधवार को इस मांग को लेकर एबीवीपी का प्रतिनिधिमंडल इकाई अध्यक्ष विश्वबंधु शर्मा और सचिव सुयश पवार की अगुवाई में कुलसचिव प्रो. एसएस नारटा से मिला। एबीवीपी ने उनको मांग पत्र सौंपा और जल्द बसों का समय बदले जाने की मांग उठाई। इन छात्र नेताओं ने कहा कि पीजी की सुबह के सत्र की परीक्षाएं सुबह नौ बजे शुरू होंगी। जबकि, बसें मौजूद समय सारणी के मुताबिक कक्षाओं के समय पर दस बजे परिसर आती हैं। इससे परीक्षा देने के लिए संजौली, पंथाघाटी, टुटू आदि से आने वाले छात्र नौ बजे कैंपस नहीं पहुंच पाएंगे। इसलिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से कैंपस के लिए आने वाली बसों के समय को बदला जाए, जिससे छात्र नौ बजे से पहले कैंपस पहुंच सकें और परीक्षा दे सकें। सुयश ने कहा कि कुलसचिव ने एबीवीपी की इस मांग पर भरोसा दिया कि पीजी की परीक्षाएं शुरू होने से पहले बसों के समय को बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका संगठन हमेशा छात्र हित के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा।