अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक (ऊना)।
भाईदूज के पर्व पर दौलतपुर चौक से ऊना तक एचआरटीसी की शिमला डिपो की बस में सफर कर रही बुजुर्ग महिलाओं के साथ कंडक्टर के दुर्व्यवहार और गालीगलौज करने का मामला सामने आया है। ऊना के रक्कड़ कॉलोनी निवासी लीला देवी और उनकी बहन मैहतपुर निवासी कृष्णा जसवाल ने बताया कि भाईदूज के दिन वह दौलतपुर चौक में अपने भाई को तिलक लगाने गई गई थी। वापस ऊना आते हुए वह जसूर से चंडीगढ़ जा रही एचआरटीसी की शिमला डिपो की बस में बैठ गई। भाईदूज पर महिलाओं के लिए सरकार ने निशुल्क सफर करने का प्रावधान किया है लेकिन इस बस के कंडक्टर ने उनसे जबरन टिकट के पैसे वसूले और उन्हें ऊना के बजाय मुबारिकपुर में उतार दिया। महिलाओं ने बताया कि सुनील कुमार नाम के उक्त कंडक्टर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और काफी आपत्तिजनक बातें भी कही। इसके बाद दोनों महिलाएं मुबारिकपुर से ऊना तक एचआरटीसी की दूसरी बस में आई जिसमें कंडक्टर ने बिना कोई किराया लिए उन्हें ऊना तक पहुंचाया। उन्होंने मांग की है कि बस कंडक्टर सुनील कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उसे बस में सफर कर रही बुजुर्ग महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का कोई अधिकार नहीं है। डीसी विकास लाबरू ने मामले को एचआरटीसी अधिकारियों के सुपुर्द कर मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।