अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। तीन दर्जन से भी ज्यादा गृह रक्षकों की दिवाली इस बार पूरी तरह से फीकी रहने वाली है। इन गृह रक्षकों का चार माह से वेतन रुका हुआ है। दूरदर्शन पिछले चार महीनों से करीब 40 जवानों को वेतन नहीं दे रहा है। दूरदर्शन कह रहा है कि जब तक गृह विभाग जीएसटी नंबर नहीं लेगा और जीएसटी नहीं काटेगा, वह वेतन नहीं देंगे।
वहीं गृह रक्षा विभाग का कहना है कि वह किस बात के लिए जीएसटी नंबर ले और जवानों से किस बात का जीएसटी वसूल करें। विभाग कह रहा है कि उन्होेंने आज तक किसी तरह कोई टैक्स जमा नहीं किया है। दस सालों से गृह रक्षा विभाग के 40 जवान बलदेयां में दूरदर्शन के कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही कई संस्थानों और सरकारी विभागों में सैकड़ोें गृह रक्षक सेवाएं दे रहे हैं। वहीं जीएसटी लागू होने के बाद दूरदर्शन होमगार्ड के जवानों को वेतन देने में आनाकानी कर रहा है। लेकिन चार महीनेे से दूरदर्शन ने होमगार्ड के जवानों का पूरा वेतन देने से इंकार कर दिया। दूरदर्शन ने गृह विभाग से कहा कि वह पहले जीएसटी नंबर ले और जवानों से जीएसटी काटे, तभी वह वेतन देंगे।
उधर, कमांडेंट बलदेव सिंह कंवर ने कहा कि दूरदर्शन पिछले चार महीनों से जीएसटी की मांग कर रहा है। लेकिन कुछ दिन पहले दूरदर्शन ने जवानों को दो महीनों के वेतन का चेक दे दिया है जिसे जवानों के बैंक खाते में डाल दिया है।