धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के जोनल अस्पताल में सी-आर्म मशीन दो साल से खराब पड़ी है। अस्पताल प्रबंधन मशीन को ठीक करने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा है। यह मशीन अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) में धूल फांक रही है।
हड्डी रोगियों को इस हाईटेक मशीन का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। मशीन खराब होने के बाद दो साल से फिर से पुरानी पद्धति के अनुसार ही मरीजों की हड्डियों के ऑपरेशन हो रहे हैं या फिर मरीजों को टांडा और पीजीआई रेफर किया जाता है। हड्डी के बारीक ऑपरेशन से लेकर नाक और गले के सामान्य उपचार के लिए इस्तेमाल में आने वाली सी-आर्म मशीन में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी वाला मल्टीपर्पज एक्स-रे सिस्टम होता है। सी-आर्म के माध्यम से कई टुकड़ों में टूट चुकी हड्डी को भी पूर्व की तरह बारीकी से जोड़ा जाता है। इस सिस्टम से किए ऑपरेशन में हड्डी के जुड़ने के वक्त टेड़ापन जैसी स्थिति निर्मित नहीं होती। यह मशीन अंग्रेजी के सी आकार की होती है। मशीन में लगे कैमरे की मदद से वीडियो के माध्यम से मरीज के मर्ज का पता आसानी से लगाया जा सकता है और बेहतर ऑपरेशन होते हैं।
जोनल अस्पताल धर्मशाला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश महाजन ने कहा कि सी-आर्म को ठीक करने के लिए टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। जल्द ही मशीन को ठीक किया जाएगा, ताकि मरीजों की हड्डियों के आधुनिक तकनी से ऑपरेशन हो सकें।