जिले के कोठीपुरा में बन रहे एम्स के अस्पताल और कॉलेज भवनों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी हो गया है। निर्माण कार्य पर कुल 904.72 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार ने विभिन्न कंपनियों से 30 अक्तूबर तक आवेदन मांगे हैं।
एम्स के लिए करीब 1350 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि इसका निर्माण कार्य हर हाल में 4 साल में पूरा होगा।
गौर हो कि एम्स का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले किया था, जिसके बाद एम्स का निर्माण कार्य चार साल में पूरा करने की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कोठीपुरा में घोषणा की थी।
अब केंद्र ने एम्स के भवनों के लिए भी निर्माण कार्य शुरू करने के लिए 904.72 करोड़ का टेंडर जारी किया है। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने बताया कि केंद्र सरकार प्रदेश में बनने वाले एम्स को लेकर गंभीर है।
उन्होंने कहा की एम्स की बाहरी दीवार का कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, जबकि अस्पताल और कॉलेज भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा की एम्स का निर्माण तय सीमा में पूरा होगा।