हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय कर्मचारियों के खाली पद भरने के लिए लिखित परीक्षाएं अप्रैल माह में करवाएगा। इसके लिए विवि ने परीक्षा तिथियों का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। इसके मुताबिक जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) क्लर्क के पदों की भर्ती परीक्षा 23 अप्रैल को तय की गई है।
स्टेनो टाइपिस्ट के छह पदों के लिए भी 23 अप्रैल को परीक्षा होगी। कंप्यूटर प्रोग्रामर के एक पद के लिए 30 अप्रैल, लेबोरेटरी अटेंडेंट के विज्ञापित पदों के लिए तीस अप्रैल, सहायक लाइब्रेरियन के पद के लिए होने वाली परीक्षा सात मई को तय की गई है।
विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित ने माना कि भर्ती के लिए लिखित परीक्षाओं की संभावित तिथियों का शेड्यूल तय किया गया है। इसके बावजूद यदि इन तिथियों में यदि कोई बड़ा बदलाव होता है, तो उसे विश्वविद्यालय की भर्ती शाखा समय रहते वेबसाइट और मीडिया के माध्यम से सूचित करेगी।