स्वच्छता का संदेश देने के लिए नगर निगम शिमला अब लोगों को जूट से बने बैग मुहैया करवाएगा। लोगों को कचरा सड़क पर फेंकने के बजाय इस बैग में रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। लोग रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में लगे स्टॉल से 30 रुपये देकर यह बैग खरीद सकते हैं। इसके अलावा परवाणू बैरियर पर भी यह बैग सैलानियों को मुहैया करवाए जा रहे हैं।
बैग का इस्तेमाल सामान रखने के लिए कैरी बैग के तौर पर भी कर सकते हैं। नगर निगम के अनुसार करीब दो साल पहले सरकार ने योजना शुरू की थी। इसके तहत लोगों और सैलानियों को यह जूट बैग मुहैया करवाए गए थे। इसका मकसद वाहनों का कचरा सड़क पर फेंकने की बजाय इस बैग में रखने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। सरकार ने परवाणू बैरियर पर भी सैलानियों के लिए ऐसे बैग मुहैया करवाने की व्यवस्था की थी लेकिन यह योजना ज्यादा सफल नहीं रहीं। मंगलवार को गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छता का संदेश दे रहे यह बैग नगर निगम ने फिर से मुहैया करवाने का फैसला किया है। लोग वाहनों के अलावा सैर सपाटे के दौरान भी कचरा रखने या सामान ढोने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
सीएम ने भी खरीदे पांच बैग, 150 रुपये किया भुगतान
रिज मैदान पर मंगलवार को लगे स्टॉल से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी पांच बैग खरीदे। उन्होंने खुद 150 रुपये का भुगतान कर बैग लिए और लोगों को कचरा खुले में न फेंकने और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान निगम की ओर से एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया जिसमें स्वच्छता अभियानों की जानकारी दी गई।
लोग जूट से बने बैग रिज स्थित पार्क से ले सकते हैं। इसका मकसद स्वच्छता को बढ़ावा देना है ताकि लोग कचरा सड़कों पर फेंकने की बजाय बैग में रखे और बाद में डस्टबीन में डाल सकें। -कुसुम सदरेट, मेयर नगर निगम शिमला