नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए रविवार 24 जून को ऐतिहासिक रिज मैदान पर धावक दौड़ लगाएंगे। मौका रहेगा पुलिस की आठवीं हॉफ मैराथन का। इसमें करीब 2200 से अधिक धावक भाग लेंगे। पुलिस हॉफ मैराथन का आयोजन अमर उजाला और एयरटेल के सहयोग से कर ही है। इसमें विभिन्न आयुवर्ग के धावक शामिल होंगे। सुबह सात बजे पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीजी अभय हरी झंडी दिखाएंगे।
हाफ मैराथन का समापन समारोह रिज मैदान पर आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। दौड़ में 3.20 लाख रुपये के 78 पुरस्कार धावकों को दिए जाएंगे। 21.5 किलोमीटर की महिला और पुरुषों के लिए हॉफ मैराथन होगी, वहीं 10 किलोमीटर की मिनी मैराथन होगी, जिसमें महिला-पुरुष दोनों हिस्सा लेंगे। तीन किलोमीटर की ड्रीम रन में 10-15 वर्ष के बच्चे भाग लेंगे।
मैराथन की खासियत रहेगी कि इसमें विशेष आवश्यकता वाले लोगों और 75 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए रिपोर्टिंग रूम से लेकर लिफ्ट तक की अलग दौड़ होगी। इसमें स्पर्धा नहीं होगी। इसमें सिर्फ भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मान दिया जाएगा।
आयोजन समिति के मुखिया आईजी (एपीटी) हिमांशु मिश्रा ने बताया कि सभी तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर ली गई थीं। शहर में इस दौड़ के लिए रिपोर्टिंग रूम के बाहर, एयरटेल आफिस माल रोड, कसुम्पटी और संजौली में बनाए गए पंजीकरण काउंटर में पंजीकृत हुए धावकों को चेस्ट नंबर और अन्य सामग्री वितरण का कार्य किया गया।