उपमंडल समसौह पंचायत के तलवाड़ा स्कूल में कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। नल में पानी कभी कभार आने के चलते बच्चों को पानी के लिए आधा किलोमीटर दूर बावड़ी पर जाना पड़ रहा है। इससे छात्रों का ज्यादा वक्त आने जाने में ही लग जाता है। ऐसे में पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
भीषण गर्मी में बच्चों को बावड़ी से आते-जाते हांफते हुए देखा जा सकता है। स्कूल में सौ से अधिक छात्र-छात्राएं हैं। इसके अलावा यहां पर डेढ़ दर्जन स्टाफ भी है। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण विधायक कर्नल इंद्र सिंह से कई बार मिले।
विधायक ने कहा कि पहले स्कूल तक सड़क निकालो और बाद में वहां पर हैंडपंप लगा दिया जाएगा। जिस पर ग्रामीण ने अपने खर्चे से 300 मीटर सड़क निकाल दी, लेकिन अब तक यहां पर हैंडपंप भी नहीं लगाया गया है।
ग्राम पंचायत समसौह के उपप्रधान कुलदीप सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान कमल देव, पूर्व प्रधान आशा कुमारी, हुकुम चंद पवन कुमार, दीपक शर्मा और सुनीता शर्मा, राजेंद्र कुमार विधायक के वादाखिलाफी से खफा हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र स्कूल में हैंडपंप नहीं लगाया तो वे आंदोलन करें।
अधिशासी अभियंता हर्ष शर्मा ने बताया कि मेरे पास किसी भी स्कूल सेे हैंडपंप लगाने के लिए आवेदन नहीं आया है। अगर कोई मांग करेगा तो हैंडपप लगा दिया जाएगा।