शिमला। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर दो निजी बसें जब्त कर ली गई हैं। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर भूपेंद्र अत्री को बुधवार दोपहर शिकायत मिली कि शोघी में दो बसें चुनाव प्रचार करते हुए जा रही हैं। इन बसों में कुछ कर्मचारी भी सवार थे। सूचना मिलते ही रिटर्निंग ऑफिसर ने फील्ड स्टाफ और पुलिस को इसकी सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक ये बसें शोघी से कंडाघाट पहुंच गईं। सूचना मिलने पर सोलन विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने इन दोनों बसों को रोक लिया। पूछताछ के बाद पता चला कि ये बसें सिरमौर से भेजी गई थीं। इन्हें शिमला और सोलन में कार्यरत कर्मचारियों को वोट डालने के लिए सिरमौर ले जाने के लिए भेजा गया था। फिलहाल, दोनों बसों को जब्त कर कार्रवाई की जा रही है। शिमला ग्रामीण सीट के रिटर्निंग ऑफिसर भूपेंद्र अत्री ने बताया कि यह मामला अब दूसरे विधानसभा क्षेत्र का है और संबंधित आरओ अब इस मामले में कार्रवाई कर रहे हैं।