हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में क्लर्क भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का रविवार को टाइप टेस्ट लिया गया। 43 पदों के लिए एचपीयू में चार केंद्रों में 744 अभ्यर्थियों ने यह टेस्ट दिया।
विश्वविद्यालय के कुल सचिव प्रो. मोहन झारटा, प्रति कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान, परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल और प्रशासनिक अधिकारी सुबह दस से दोपहर बाद चार बजे तक टेस्ट के दौरान एचपीयू में मौजूद रहे।
परीक्षा के लिए यूआईआईटी लैब, इक्डोल लैब, कंप्यूटर सेंटर और अकादमिक स्टाफ कॉलेज में केंद्र बनाए गए। कंप्यूटर पर लिए गए इस टेस्ट के लिए हर केंद्र पर 10-10 कर्मचारी तैनात किए गए।
इनमें एक टेस्ट सुपरवाइजर, एक पीएस, पीए स्तर के कर्मचारी को टाइम कीपर, दो क्लर्क, एक प्रोग्रामर, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी की ड्यूटी लगाई गई। कुल सचिव प्रो. झारटा ने कहा कि किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है।