शिमला। एसएफआई की विवि इकाई ने बीते रोज एचपीयू की ओर से घोषित किए गए जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए) आईटी की भर्ती के परिणाम के बाद इसमें फर्जीवाड़ा और बैक डोर एंट्री किए जाने का आरोप लगाया है। इकाई अध्यक्ष जीवन ठाकुर और सचिव अनिल नेगी ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया में ऐसे लोगों को चयनित कर दिया गया है जो भर्ती प्रक्रिया में टाइप टेस्ट में उत्तीर्ण नहीं हुए थे। उनका आरोप है कि विवि के कुछ आलाधिकारी चहेतों को भर्ती कर रहे हैं। कहा कि चार रोलनंबर ऐसे हैं जो टाइप टेस्ट के रिजल्ट में नहीं थे, मगर वे इन पदों के लिए जारी की गई चयनित उम्मीदवारों की सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने विवि प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्षता से जांच करवाई जाए। यदि इसकी जांच न की गई तो एसएफआई विवि प्रशासन के खिलाफ निर्णायक आंदोलन शुरू करेगी। जिसके लिए विवि प्रशासन जिम्मेदार होगा।