हिमाचल प्रदेश के साल 25 हजार से अधिक कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के लिए अच्छी सूचना है। उन्हें अप्रैल के वेतन के साथ मई माह में दस माह के डीए एरियर का भुगतना किया जाएगा।
वहीं, 2003 से पहले के कर्मचारियों के नौ माह के डीए एरियर जीपीएफ में जाएगा। उन्हें अप्रैल से सात फीसदी की दर से डीए देय होगा। प्रदेश सरकार के निर्देश पर वित्त विभाग की ओर से इसकी मंजूरी दे दी गई है।
सरकार के इस फैसले से हिमाचल के हजारों कर्मचारियों को फायदा होगा। सीएम वीरभद्र ने हाल ही में हुई जेसीसी की बैठक में इसका फैसला लिया था।
किसे कब मिलेगा डीए का पैसा?
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में 28 जनवरी को जेसीसी की बैठक में प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को सात फीसदी डीए देने की घोषणा की गई थी। यह डीए जुलाई 2014 से ही देय होगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद वित्त विभाग की ओर से होमवर्क शुरू किया गया। इसके बाद यह तय किया गया है कि कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड (सीपीएफ) के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को दस माह का डीए नगद भुगतान किया जाएगा।
यह देय मई के महीने में किया जाएगा। जबकि, साल 2003 के पहले के सरकारी कर्मचारियों का 31 मार्च तक का डीए जीपीएफ में जमा कराया जाएगा। अप्रैल का डीए मई माह में देय होगा।
20 से 35 हजार का होगा लाभ
हिमाचल प्रदेश सरकार के कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड के दायरे में 25 हजार से अधिक कर्मियों को दस माह के एरियर के तौर पर एरियर के तौर पर न्यूनतम 20 से अधिकतम 35 हजार के बीच लाभ होने की संभावना है। हालांकि अभी इसका आंकलन करने का काम चल रहा है।
पेंशनरों पर जल्द फैसला
हिमाचल प्रदेश के एक लाख से अधिक पेंशनरों को किस रूप में डीए का भुगतान किया जाएगा। इस पर भी जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है। वित्त विभाग की ओर से इनकी भी फाइल तकरीबन तैयार है।
प्रधान वित्त सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी का कहना है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की घोषणा के अनुसार डीए देने का आदेश जारी किया जाएगा। सीपीएफ वाले कर्मचारियों को एरियर भुगतान कर दिया जाएगा, जबकि 2003 से पहले के कर्मचारियों का डीए जीपीएफ में जमा कराया जाएगा।