शिमला सर्किल में 20 और रामपुर सर्किल में 42 सड़कें बंद
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी शिमला सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार रात हुई भारी बारिश के कारण 62 मुख्य और संपर्क सड़कें बंद हो गईं। इससे सोमवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
जिले में लोक निर्माण विभाग के शिमला सर्किल के तहत 20 और रामपुर सर्किल के तहत आने वाली 42 सड़कों पर भूस्खलन तथा पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इनमें मुख्य सड़कों के अलावा संपर्क और ग्रामीण सड़कें भी शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को बहाल करने के लिए अपनी मशीनों के साथ ही किराये पर ली गई मशीनरी और मजदूरों को लगाया। दिनभर चले काम के बाद देर शाम तक शिमला और रामपुर सर्कल की 34 सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया। विभाग के अनुसार शिमला सर्किल की बंद हुई आठ सड़कों को मंगलवार तक और रामपुर सर्किल की चार सड़कों को जल्द बहाल कर दिया जाएगा। वहीं अधिक नुकसान वाली रामपुर सर्किल की 16 सड़कों को 30 जुलाई तक खोलने का दावा किया है।राजधानी शिमला से शिमला ग्रामीण डिपो की मतियाना-कांगल वाया कुमारसैन बस सेवा भी कांगल के पास समीप सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद रही। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर सड़क को अधिक नुकसान पहुंचा है, जिसे बहाल करने में कुछ समय लग सकता है।