रिकांगपिओ (किन्नौर)।
क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति किन्नौर की वार्षिक बैठक विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष आरकेएस जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि जल्द ही चिकित्सालय क्षेत्र में आधुनिक तकनीक युक्त लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात को भी रोशनी रह सके। क्षेत्रीय अस्पताल के किचन को मॉडर्न रूप दिया जाएगा। इसमें आधुनिक ट्रॉली सहित कई अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। चिकित्सालय परिसर में एटीएम की सुविधा मिलेगी।
नेगी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को चिकित्सालय परिसर में अधूरे कार्यों को जुलाई माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। विस उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने अस्पताल में पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर ऑनलाइन पर्ची बनाने के वेबसाइट का विधिवत शुभारंभ किया। इससे अब मरीजों को पर्ची बनाने के लिए लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। विस उपाध्यक्ष ने बेहतर कार्य करने पर नर्स गंगा, बलबीर सिंह और सोनम बुटित को भी सम्मानित किया गया। विस उपाध्यक्ष ने प्रदेश में क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ को कायाकल्प के क्षेत्र में प्रथम आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसएमओ सहित स्टाफ को बधाई दी। नेगी ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ में डिजीटल एक्सरे मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन, आंखें चेक करने की आधुनिक मशीन सहित कई आधुनिक उपकरण स्थापित किए हैं। इस दौरान उपायुक्त किन्नौर डॉ. नरेश कुमार लट्ठ, सीएमओ डॉ. पदम सिंह नेगी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एसएस नेगी, विद्या सागर नेगी, एसएमओ डॉ. पवन जाल्टा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एमआर नेगी, जिला आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, परियोजना अधिकारी सुनील चंदेल सहित कई आरकेएस के सदस्य उपस्थित थे।