हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करते हुए सरकार ने 56 तरह की दवाओं को मुफ्त में देने की अधिसूचना जारी कर दी है। तत्काल प्रभाव से मुफ्त दवाओं को देने के आदेश लागू होंगे।
बुखार से लेकर दिल के रोग तक की दवाओं को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में दवाएं मिलेंगी। मरीजों को अस्पताल में जुकाम, विटामिन, कैल्शियम सहित 56 तरह की दवाएं मुफ्त में मिलेंगी। दवाओं के अलावा बैंडऐज, कॉटन, सिरिंज, और ग्लबज भी मुफ्त में मरीजों को दिए जाएंगे।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में निशुल्क दवा नीति के तहत सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को 66 वस्तुओं इनमें 56 दवाएं एवं 10 उपभोगीय सामग्री को मुफ्त में प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसी कड़ी में बुधवार को राजपत्र में इसकी अधिसूचना जारी की गई है।
मुफ्त में प्रदेश में वितरित की जाने वाली दवाओं में दिल की बीमारियों से जुड़ी दवा एटनोलोल, एमोलिडिपाइन और एनालपरिल के अलावा पैरासिटामौल, सिट्राजिन और ओआरएस भी शामिल है। मरीजों को टैबलेट, इंजेक्शन, क्रीम, सिरप और कैप्सूल दिए जाएंगे।
सांस की बीमारी, गैस, कब्ज, सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, विटामिन, बी कांप्लेक्स, एंटी इंफेक्शन, एंटी रैबिज वैक्सीन, ग्लूकोज, कैल्शियम, एंटी स्नेक इंजेक्शन, मूत्र से जुड़ी बीमारियां, खून को प्रभावित करने वाले बीमारियों की दवाएं मुफ्त में दी जाएंगी। अन्य सामान में बैंडऐज, कॉटन, पोविडोन आयोडाइन सॉल्यूशन, सिरिंज विद निडल, ग्लवज, लियूकोप्लास्ट और वेन फ्लो भी उपलब्ध करवाया जाएगा।