शिमला। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जिला सड़क सुरक्षा समिति और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय शिमला ने शनिवार को रिज पर रक्तदान शिविर और नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि और डीआईजी संजीव कुमार गांधी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। शिविर में 54 लोगों ने रक्तदान किया और 119 लोगों की आंखों की जांच की गई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी से 31 जनवरी तक शिमला जिला में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरुकता अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम में उपायुक्त ने रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि जिले में वर्ष 2025 के सड़क दुर्घटना के आंकड़े क्षेत्र में निरंतर प्रयास दर्शाते हैं। इस मौके पर एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एसी टू डीसी देवीचंद ठाकुर, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ यशवंत रांटा मौजूद रहे। ब्यूरो