विजयनगर में पेड़ गिरने के बाद घंटों बाधित रही बिजली आपूर्ति, जिले में अब तक 80 करोड़ से अधिक का नुकसान
विज्ञापन
शिमला और रामपुर सर्किल में सबसे अधिक क्षति अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में हुई भारी बारिश से 52 सड़कें बंद हो गईं। वहीं शिमला शहर में बारिश के कारण विकासनगर वार्ड के विजयनगर में एक पेड़ गिरने से बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। इससे क्षेत्र में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। निजी अस्पताल तेंजिन से अपने मरीज को देखकर लौट रहे परिजन इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे।
स्था नीय निवासी जगत सिंह ठाकुर का आरोप है कि हिमुडा क्षेत्र में बरसात के दौरान भी खोदाई का कार्य चल रहा है, जिससे कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। यहां हिमुडा के 300 करोड़ रुपये के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का कार्य चल रहा है। दूसरी तरफ बरसात से जिले में अब तक सड़कों को 80 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। इसमें शिमला सर्किल में 3,955 लाख और रामपुर सर्किल में 4,060 लाख का नुकसान हुआ है। रात को हुई बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के शिमला सर्किल में 13 सड़कों पर भूस्खलन और डंगों के गिरने से यातायात बंद रहा। वहीं रामपुर सर्किल में 39 सड़कें बंद हैं। शिमला सर्किल में 13 में से आठ और रामपुर सर्किल में 39 सड़कों में से 16 सड़कों को खोलने का दावा किया है।