फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: क्योंथल में मड़ेगों के साथ 5 दिवसीय दिवाली पर्व शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों से महक रही क्योंथल घाटी, घरों में तैयार किए जा रहे मूड़ा, अस्कलियां, पटांडे
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा। क्योंथल क्षेत्र में दिवाली के पांच दिवसीय पारंपरिक पर्व का आगाज मड़ेगों यानी मूड़ा व्यंजन के साथ हो गया। पांच दिन तक चलने वाले इस पर्व के दौरान गांवों में अलग-अलग पारंपरिक पहाड़ी पकवान तैयार किए जा रहे हैं। इन व्यंजनों की खुशबू से समूची क्योंथल घाटी महक उठी है।

क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक दयाराम वर्मा, प्रीतम सिंह ठाकुर और दौलत राम मेहता ने बताया कि क्योंथल क्षेत्र में दिवाली से दो दिन पहले मड़ेगों का त्योहार मनाने की परंपरा है। इस दिन घरों में गेहूं, काले चने अथवा राजमा से मूड़ा तैयार किया जाता है, जिसे अखरोट के साथ खाने का विशेष प्रचलन है। छोटी दिवाली पर चावल के आटे से स्वादिष्ट अस्कलियां बनाई जाती हैं। इन्हें शक्कर, घी, शहद तथा राजमा और उड़द की दाल के साथ परोसा जाता है। अमावस्या यानी दिवाली के दिन घरों में पटांडे और खीर बनाने की परंपरा है। शाम को स्थानीय मंदिरों और घरों में दीपमाला सजाकर मां लक्ष्मी की खील-बताशों से पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने बताया कि दिवाली की रात गांव की चौपाल में मक्की के टांडों का अलाव जलाया जाता है, जिसे दवालठा कहा जाता है। इसके बाद पीठासीन देवता के नाम पर घैना जलाने की परंपरा है। ग्रामीण पूरी रात घैना के पास बैठकर जागरण करते हैं और आपसी मेलजोल के साथ त्योहार मनाते हैं। बुजुर्गों के अनुसार पहले घैना के जागरण के दौरान पारंपरिक स्वांग, करियाला और नाटकों का मंचन किया जाता था। यह ग्रामीण मनोरंजन और लोकसंस्कृति का अहम हिस्सा हुआ करते थे। बदलते समय के साथ इन पारंपरिक गतिविधियों का स्थान अब काफी हद तक मोबाइल फोन ने ले लिया है।
विज्ञापन


दिवाली के अगले दिन पड़वा यानी गोवर्धन पूजा के अवसर पर किसान अपने पशुधन को विशेष रूप से सजाकर उनकी पूजा करते हैं और उन्हें पेड़ियां खिलाते हैं। पड़वा और भैया दूज के दिन खिचड़ी बनाने की भी परंपरा है। किसान अपने कृषि उपकरणों दराट, दराती और हल आदि की पूजा करते हैं।
विज्ञापन



कुलदेवता को भेंट करते हैं चावल
लोग अपने कुलदेवता के मंदिरों में जाकर चावल और अखरोट भेंटस्वरूप अर्पित करते हैं।वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि क्योंथल क्षेत्र में दिवाली के पांच दिवसीय पर्व से जुड़ी यह परंपराएं पहाड़ी संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकजुटता की पहचान हैं। आधुनिकता के इस दौर में इन पारंपरिक रीति-रिवाजों और खानपान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें