विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक में सभापति संजय रत्न ने किया जवाब तलब,
निपटारा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
एपीएमसी ने कई जगह मंडियां बना दीं, सड़कें है नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति ने जिले में विभिन्न विभागों के लंबित ऑडिट पैरा (आपत्तियों) को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। पंचायत विभाग के तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों में 4,700 ऑडिट आपत्तियां लंबित हैं।
सरकारी खर्च, बिलों और रिकॉर्ड से जुड़ी इतनी आपत्तियों का अभी तक निपटारा नहीं हो पाया है। शिमला के बचत भवन में शुक्रवार को समिति के सभापति संजय रत्न की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इन सभी लंबित ऑडिट पैरा को तीन माह के भीतर निपटाने का अल्टीमेटम दिया है। समिति ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में इनका निपटारा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में समिति ने वर्ष 2000 से पहले के एक लाख रुपये से कम राशि वाले ऑडिट पैरा को ऑडिट विभाग की अनुमति लेकर नियमानुसार बट्टे खाते (राइट ऑफ करना) में डालने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों को वर्ष 1999 तक के एक लाख रुपये से कम के ऑडिट पैरा का नियमानुसार निपटारा करने को कहा गया। सभापति संजय रत्न ने कहा कि सरकारी धन के इस्तेमाल में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समिति ने एपीएमसी के कार्यों पर भी सवाल उठाए। सभापति ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर मंडियां बनाई जा रही हैं, लेकिन कई जगह मंडियों तक पहुंचने के लिए सड़क तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बजट का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने किसानों और बागवानों की सुविधा के लिए मंडियों तक सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एपीएमसी को तीन वर्षों में किए डिपॉजिट वर्क का पूरा ब्योरा 15 दिन के भीतर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
एक माह में शहरी निकायों की देनदारियों का ब्योरा मांगा
जिले के सभी शहरी स्थानीय निकायों की देनदारियों, लंबित टैक्स और किराये का पूरा ब्योरा एक माह के भीतर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक माह के भीतर उपायुक्त की अध्यक्षता में सभी शहरी निकायों और अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारियों की बैठक करने को कहा। इन बैठकों में खर्च नहीं हो पाए बजट के इस्तेमाल को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। सभापति ने शहरी निकायों के कर्मचारियों की पेंशन और सेवानिवृत्ति संबंधी वित्तीय लाभ राज्य कोषागार के माध्यम से जारी करने की अनुशंसा करने की बात भी कही। समिति ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। समिति ने कहा कि तीन माह पहले दिए गए निर्देशों की अनुपालना नहीं हुई है। वर्ष 2012 से हॉस्टल निर्माण के लिए बजट जारी होने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पाया है। समिति ने एक माह के भीतर निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नारकंडा में प्रस्तावित पार्किंग का काम भी एक माह के भीतर शुरू करने को कहा। बैठक में डीसी अनुपम कश्यप, समिति सदस्य राकेश जम्वाल, कुलदीप सिंह राठौर, मलेंद्र राजन, विवेक शर्मा और विधायक बलबीर वर्मा सहित एपीएमसी के प्रबंध निदेशक राम कुमार गौतम, एसएसपी गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।