राजधानी शिमला से काजा तक गाड़ी ड्राइव करने के शौकीनों के लिए रविवार से विशेष विंटर ड्राइव शुरू होगी। माउंटेन गॉट एक्सपीडिशन शिमला से कल्पा तक विंटर ड्राइव का आयोजन कर रही है। विंटर ड्राइव रविवार से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेगी। रविवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करेंगे।
माउंटेन गॉट एक्सपीडिशन के अध्यक्ष शास्वत गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सात दिवसीय कार रैली आयोजित की जा रही है। रैली में 57 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। 23 गाड़ियों में सवार होने वाले 57 प्रतिभागी शिमला से कल्पा, कल्पा से काजा, काजा से की गौंपा होते हुए लांग्जा जाएंगे। लांग्जा से वापस कल्पा और कल्पा से शिमला लौटेंगे। सात दिनों के दौरान करीब 900 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मार्च महीने में इस रैली का आयोजन किया जाएगा। विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कार रैली आयोजित की जा रही है।