शिमला। शहर में निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू करवाने के लिए निगम प्रशासन की सोमवार को ठेकेदारों के साथ अहम बैठक होने जा रही है। आयुक्त जीसी नेगी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में ठेकेदार यूनियन के पदाधिकारी शामिल होंगे। ठेकेदार लगातार जीएसटी को एस्टीमेट में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर ये अब तक पांच बार निगम के टेंडरों का बहिष्कार भी कर चुके हैं। शनिवार को निगम ने एक वर्कशॉप भी करवाई थी, जिसमें ठेकेदारों के आगे निगम का रुख कुछ नरम पड़ गया। अब सोमवार को होने वाली बैठक में निगम जीएसटी का कुछ हिस्सा एस्टीमेट में शामिल करने का फैसला ले सकता है। यदि निगम प्रशासन और ठेकेदारों के बीच होने वाली यह बैठक सफल रहती है तो शहर में ठप पड़े निर्माणकार्य जल्द शुरू किए जा सकेंगे। करीब दस करोड़ रुपये के कार्य शहर में लंबित पड़े हैं। निगम के ठेकेदार लगातार इनका बहिष्कार कर रहे हैं। ठेकेदार यूनियन अध्यक्ष पीएन शर्मा ने कहा कि सोमवार को होने वाली बैठक के बाद ही बहिष्कार को लेकर आखिरी फैसला लिया जाएगा।