शिमला। शहर के कई इलाकों में फिर पेयजल किल्लत बढ़ने लगी है। कोटी बरांडी और गिरि पेयजल परियोजना से पानी की सप्लाई घटने से आधे शहर में तीसरे और चौथे दिन पानी आ रहा है।
छोटा शिमला जोन के तहत आने वाले खलीणी, टिंबर हाउस, हिमलैंड, कनलोग, बीसीएस, विकासनगर, कसुम्पटी, पंथाघाटी आदि इलाकों में तीसरे और चौथे दिन पानी की सप्लाई दी जा रही है। लोगों के अनुसार निगम जिन इलाकों में तीसरे दिन पानी दे रहा है, वहां भी थोड़े समय के लिए ही पानी आ रहा है। वहीं, कई ऐसे भी इलाके हैं, जहां चौथे दिन पानी दिया जा रहा है। निगम प्रशासन का कहना है कि कोटी बरांडी में पेयजल सप्लाई कम होने से थोड़ी किल्लत हो रही है। कोटी बरांडी में पहले लीकेज और अब पेयजल स्रोत में ही पानी कम होने से सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं, गिरि और गुम्मा में बिजली मीटर बदलने के चलते पंपिंग प्रभावित हुई है। रविवार को सभी परियोजनाओं से करीब 43.35 एमएलडी पानी की पंपिंग हुई है, जो बाकी दिनों से करीब चार से पांच एमएलडी कम है। हालांकि, आने वाले दिनों में पेयजल सप्लाई बढ़ाने का दावा किया जा रहा है। निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि कोटी बरांडी से सप्लाई कम हुई है, जिससे कुछेक इलाकों में दिक्कत है। लेकिन तीसरे दिन हर क्षेत्र में पेयजल सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।