शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में सोमवार को बीएड में प्रवेश के लिए आयोजित एक दिवसीय ऑन स्पॉट काउंसलिंग में केवल 41 सीटें भरी जा सकीं। विवि प्रबंधन ने बताया कि यह काउंसलिंग उन उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी जिन्होंने पिछले राउंड में सीट नहीं ली या ऑनलाइन आवेदन किया था। इस बार भी छात्रों की उपस्थिति अपेक्षित संख्या के मुकाबले कम रही। अभी भी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में 1100 से अधिक सीटें खाली हैं। बीएड प्रवेश प्रक्रिया इस वर्ष अगस्त में शुरू हुई थी और इसके बाद तीन ऑनलाइन काउंसलिंग राउंड और दो ऑन स्पॉट राउंड आयोजित किए जा चुके हैं। इन राउंड के बावजूद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और निजी संबद्ध संस्थानों में 1100 से अधिक सीटें अभी भी खाली हैं। विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वह आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। संवाद