एक्साइज विभाग ने चोरी-छिपे टैक्स की चोरी कर कारोबार करने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में एक्साइज विभाग ने पंजाब के एक कारोबारी से 40 लाख रुपये के कीमती स्टोन (नग) बरामद किए हैं। विभाग ने उपमंडल बड़सर में इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
कारोबारी से ढाई लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी कुलभूषण गौतम ने बताया कि एक्साइज विभाग के सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी वीरेंद्र दत्त शर्मा और राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी अरुण कुमार ने वीरवार दोपहर बाद बड़सर में नाका लगाया हुआ था।
इस दौरान पंजाब के मोहाली से एक कारोबारी जिला हमीरपुर की सीमा में प्रवेश हुआ। शक होने पर विभाग के अधिकारियों ने कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर इसके भीतर करीब चालीस लाख रुपये कीमत के कीमती स्टोन बरामद हुए।
कारोबारी को बिल आदि दिखाने को कहा। लेकिन, वह माल से संबंधित कोई बिल नहीं दिखा पाया। जिसके चलते उसे शुक्रवार को हमीरपुर कार्यालय तलब किया गया।
बिना टैक्स के माल बेचने पर कारोबारी से 2.40 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। कुलभूषण गौतम ने कहा कि विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने समस्त कारोबारियों से जीएसटी समेत कारोबार करने को कहा है।