टूअर के लिए शातिर ने खाते में जमा करवाए लिए आधे पैसे, कहा शेष राशि बाद में दे देना, अब नहीं उठा रहा फोन
विज्ञापन
वोल्वो में जाने का था प्लान, होटल में खाना रहना था फ्री अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के एक कॉलेज के विद्यार्थियों से राजस्थान टूअर के नाम पर सवा लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक शहर के एक कॉलेज के फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड ईयर के छात्रों ने राजस्थान के जयपुर, उदयपुर जाने का टूअर बनाया। इसको लेकर करीब 30 विद्यार्थियों ने सात-सात हजार रुपये एकत्रित करने का फैसला लिया था। टूअर को लेकर उन्होंने एक नामी कंपनी के साथ संपर्क किया। इसमें शिमला के आईएसबीटी से राजस्थान तक वोल्वो सफर, खाने-पीने और होटल में रहने की सुविधा शामिल थी। कंपनी के कर्मचारी से उनकी इस पूरे पैकेज की 2.38 लाख रुपये में बात पक्की हुई। इसके बाद उन्होंने 50 फीसदी राशि 1.19 लाख रुपये ऑनलाइन कंपनी के कर्मचारी के खाते ट्रांसफर कर दी। शेष पेमेंट बाद में देने की बात हुई थी। अब उपरोक्त कर्मचारी उनका फोन नहीं उठा रहे। इससे विद्यार्थियों को अपनी सवा लाख रुपये की रकम डूबने की चिंता सता रही है।
विद्यार्थियों को सचेत रहने की सलाह
बालूगंज पुलिस स्टेशन ने शिकायत के आधार बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि विद्यार्थियों ने किस कर्मचारी से संपर्क किया था और किसके खाते में रकम डाली थी। शहर से हर साल हजारों की संख्या में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी घूमने के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। इस तरह के मामले सामने आने के बाद विद्यार्थियों, स्कूल और कॉलेज प्रबंधन को सचेत रहने की जरूरत है। पुलिस इस बात की छानबीन भी कर रही है कि पैसे लेने वाला कंपनी का कर्मचारी वास्तव में कंपनी का कर्मचारी था भी या नहीं।