कोरोनाकाल में अनुबंध आधार पर रखे थे यह कर्मी
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के पास पहुंचे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में कार्यरत 26 आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा बंद करने का फरमान जारी हुआ है। कर्मचारियों को बुधवार को जैसे ही उनके ठेकेदारों के जरिये इसकी सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। कर्मचारी तुरंत प्रबंधन और शाम के समय स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से मिले तथा सेवा विस्तार मांगा। स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें नौकरी से न निकालने का आश्वासन दिया।
कोरोना महामारी के दौरान डीडीयू अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वॉय की तैनाती की थी। लेकिन बुधवार को अचानक अस्पताल प्रबंधन ने इनकी सेवा बंद करने को लेकर कंपनी को चिट्ठी भेज दी। इसके बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
डीडीयू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार की ओर जो सेवा विस्तार
की अवधि दी थी वह पूरी हो गई है। लिहाजा इसकी जानकारी दी है। इनका मामला सरकार को भेजा है। कमला नेहरू अस्पताल से निकाले गए 13 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बुधवार दोपहर बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य से भी मिले। जोगिंदर पाल, संजीव, ईश्वरदास, दीनानाथ, सुभाष और कामेश्वर ने उन्हें अस्पताल से काम से निकाले जाने की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि 2 दिन में उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा। केएनएच में 13 चतुर्थ श्रेणी आउसोर्स कर्मचारियों को काम से निकाल दिया है।