विंटर कार्निवल, क्रिसमस और नववर्ष के लिए पुलिस ने की अतिरिक्त व्यवस्था, पार्किंग में 7 हजार वाहन हो सकेंगे खड़े शहर में आज से लागू होगा विशेष सुरक्षा प्लान सड़कों के किनारे खड़ी कर सकेंगे लोग गाड़ियां सुरक्षा के लिहाज से शहर को पांच सेक्टर में बांटा 400 से अधिक पुलिस जवान किए गए हैं तैनात अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। विंटर कार्निवल शिमला-2025, क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या के दौरान राजधानी शिमला में हजारों पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया है। शहर में कानून व्यवस्था के मद्देनजर 400 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए हैं।
वहीं शहर में पार्किंग की कमी को देखते हुए पुलिस विभाग ने सैलानियों के लिए 2500 के करीब वाहन खड़े करने की अतिरिक्त व्यवस्था की है। इसके अलावा शहर में सात हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इससे सैलानियों को शहर की पार्किंग फुल होने के बाद बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क नहीं करना पड़ेगा। अस्थायी पार्किंग के लिए टुटीकंडी बाईपास, ढली बाईपास, चौड़ा मैदान, लिफ्ट से आगे ट्रिपल होटल के पास, विक्ट्री टनल-लक्कड़ बाजार मार्ग पर खुला मोड़ और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्था की है।
विज्ञापन
आईजीएमसी के नीचे सर्कुलर रोड पर समेत अन्य स्थान भी पार्किंग के लिए चिह्नित किए हैं। इन जगहों को वाहनों की संख्या बढ़ने पर गाड़ियां पार्क करने के लिए खाली भी करवाया गया है। पुलिस शोघी पर ही सहायता केंद्र खोलकर सैलानियों को वाहनों की पार्किंग के साथ ही यातायात नियमों को लेकर जानकारी देगी। शहर में लागू होने वाला विशेष प्लान 24 दिसंबर से लागू हो जाएगा। इसके तहत शिमला शहर को पांच सेक्टर में विभाजित किया है। सभी सेक्टर का ओवरऑल चार्ज एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा के पास रहेगा। इसके साथ ही पांच सेक्टर में एक-एक प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की है।
डीसी अनुपम कश्यप ने मंगलवार को इसे लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष की पूर्वसंध्या पर शिमला में पर्यटक और स्थानीय लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हर सेक्टर में एक अधिकारी काे जिम्मा सौंपा है। इनके साथ पुलिस विभाग की टीम तैनात रहेगी। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्यटकों को बेहतर कानून व्यवस्था दी जाए। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू रहे। यह प्लान 24 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक लागू रहेगा। शिमला के प्रवेशद्वार पर एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। उन्होंने शहरवासियों और शिमला आने वाले पर्यटकों से अपील की कि जिला प्रशासन के प्लान के मुताबिक नियमों का पालन करें।
इन सेक्टर में यह अधिकारी रहेंगे तैनात विशेष प्लान के तहत सेक्टर-1 वन के तहत शोघी और इसके आसपास का क्षेत्र शामिल किया है। इस सेक्टर का जिम्मा नायब तहसीलदार शिमला शहरी भीष्म सिंह कंवर के पास रहेगा। सेक्टर-2 के तहत मालरोड, रिज मैदान, स्कैंडल, चर्च, लक्कड़ बाजार, रीगल सिनेमा, लिफ्ट, सीटीओ, ऑकलैंड, आईजीएमसी, रेडिसन होटल, झांसी पार्क, शेर-ए-पंजाब, लोअर बाजार के आसपास का क्षेत्र है। इस सेक्टर में एसडीएम शहरी ओशिन शर्मा को जिम्मा सौंपा है। इनके साथ तहसीलदार शहरी शिमला नारायण सिंह वर्मा भी नियुक्त किए हैं। सेक्टर-3 में पुलिस स्टेशन छोटा शिमला एवं न्यू शिमला का क्षेत्र है। इसमें तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता को जिम्मा संभालेंगे। सेक्टर-4 में एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा को प्रभारी बनाया गया है। इस सेक्टर में फन वर्ल्ड, गलू, लंबीधार, फागू, संजौली, ढली, कुफरी, मशोबरा, छराबड़ा, चीनी बंगला और आसपास का एरिया शामिल है। सेक्टर-5 में नायब तहसीलदार शिमला ग्रामीण चांद राम को जिम्मा सौंपा है। इनके अधीन सभी ट्रैफिक प्वाइंट, 103 टनल, आईएसबीटी टुटीकंडी, ओल्ड बैरियर और चक्कर क्षेत्र रहेगा।