स्पेशल सेल की टीम ने नाकाबंदी कर पकड़े, बालूगंज थाने में एनडीपीएस मामला दर्ज
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बस की तलाशी ली, दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
चिट्टे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में बस सवार दो युवकों को करीब 22 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान भुवनेश चौहान (21) निवासी जिला शिमला और गुलशन ठाकुर (21) निवासी कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्तूबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम शोघी पुलिस चौकी के समीप नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि दूसरे राज्य से चिट्टा लेकर दो युवक बस में सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित बस को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से करीब 22 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
एएसपी शिमला मेहर पंवार ने बताया कि शोघी में बस सवार दो युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।