फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफसरों की टूटी नींद, 24 घंटे में ही बिछा दी 200 मीटर लाइन, कल से मिलेगा पानी

Sun, 12 May 2019 10:20 AM IST
शिमला ब्यूरो अशोक चौहान, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चुनावी शोर में केल्टी के हजारों लोगों की आवाज को अनसुना करने वाला सरकारी अमला आखिरकार हरकत में आ गया। सरकार ने भी गंभीरता दिखाई और आईपीएच विभाग से रिपोर्ट तलब की। पूछा कि पेयजल मुहैया करवाने में देरी क्यों की जा रही है? विभाग को तुरंत पेयजल मुहैया करवाने के निर्देश जारी हो गए हैं। जनता के दर्द को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

विज्ञापन


असर ऐसा हुआ कि आचार संहिता का बहाना बनाकर अब तक टरका रहे अधिकारी चुनाव आयोग से मंजूरी मिलने से पहले ही युद्ध स्तर पर काम पूरा करने में जुट गए। शनिवार सुबह दस बजे से पहले ही करीब एक दर्जन मजदूर नगर निगम के कैलस्टन टैंक से केल्टी के लिए पाइपलाइन बिछाने के काम में लग गए। कोई पाइप जोड़ने लगा तो कोई सड़क ड्रिल कर खुदाई में जुट गया।

स्थानीय लोग भी हैरान थे। आईपीएच के अधिकारी खुद भी मौके पर पहुंचे। इनकी मौजूदगी में शाम तक करीब दो सौ मीटर लाइन बिछ गई। जल्द राहत की उम्मीद लिए दर्जनों स्थानीय लोग दिनभर मौके पर पहुंचकर काम का जायजा लेते रहे। काम में तेजी देखकर इलाके के हजारों लोगों को जल्द पेयजल संकट से राहत की उम्मीद जग गई है। आईपीएच के अधिशासी अभियंता राकेश वैद्य खुद काम की निगरानी कर रहे हैं। कहा कि रविवार शाम तक पाइपलाइन बिछाने का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार सुबह से लोगों को भरपूर पानी मिलने लगेगा।
विज्ञापन


केल्टी तक बिछाई जा रही है ढाई इंच की लाइन
भराड़ी वार्ड के कैलस्टन स्थित नगर निगम के टैंक से केल्टी स्थित आईपीएच के टैंक तक पानी पहुंचाने के लिए 650 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। यह लाइन करीब ढाई इंच मोटी होगी। आईपीएच विभाग पानी के बदले पेयजल कंपनी को पैसा देगा। हालांकि, कितना पानी कंपनी देगी और इसके बदले कितना पैसा लिया जाएगा, इस पर बाद में बैठक की जाएगी। उपायुक्त शिमला राजेश्वर गोयल ने भी चुनाव आयोग को इस बारे में पत्र लिखा है। जनहित से जुड़े इस काम के लिए जल्द मंजूरी देने की मांग की गई है। हालांकि स्थानीय विधायक और सरकार की सख्ती के बाद आईपीएच ने काम शुरू करवा दिया है।

विधायक अनिरुद्ध सिंह ने ली रिपोर्ट
केल्टी क्षेत्र में पेयजल संकट पर स्थानीय विधायक अनिरुद्ध सिंह ने शनिवार को आईपीएच विभाग से काम की रिपोर्ट ली। निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर काम पूरा किया जाए ताकि लोगों को पेयजल सुविधा मिल सके। कहा कि पुराना सोर्स सूखने के कारण यह संकट पैदा हुआ।

लोगों ने दो तीन दिन पहले जैसे ही उन्हें शिकायत की, उन्होंने तुरंत उपायुक्त, आईपीएच और कंपनी के अधिकारियों से बात की थी। विधायक ने कहा कि अब नई लाइन बिछने के बाद इलाके के लोगों की पेयजल समस्या स्थायी तौर पर खत्म हो जाएगी। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो, इसके लिए विधायक ने निजी तौर पर भी चार मजदूर काम में लगा रखे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें