शिमला। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने 256 दिन बाद फिर से दावा किया है कि वह दो महीनों के भीतर अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित करवा देंगे। मशीन के स्थापित होने के बाद सैकड़ों मरीजों को पुरानी एक्सरे फिल्मों से इलाज के दौरान आने वाली परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने यह दावा शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के समक्ष किया। कहा कि इसको लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
इससे पहले डीडीयू में दिसंबर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन मनाने आए सीएम जयराम ठाकुर ने भी यहां डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित करने की घोषणा की थी। आठ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी यहां प्लांट नहीं लग पाया। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि डीडीयू के पुराने भवन का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री को बना दिया स्वास्थ्य मंत्री
मंच का संचालन कर रहे कर्मी ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को स्वास्थ्य मंत्री कहकर संबोधित कर दिया। इसके बाद हॉल में सभी लोग एक दूसरे को देखने लगे। लेकिन मंच संचालक को तुरंत इसका एहसास हुआ और उन्होंने गलती को सुधार लिया।
और स्वास्थ्य मंत्री से पहले
ही बोल पड़े सुरेश भारद्वाज
शिमला। स्वास्थ्य मंत्री को मंच पर संबोधन करने के लिए बुलाया गया। लेकिन शिक्षा मंत्री बीच में ही बोल उठे कि पहले मैं बोलूंगा। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें पकड़ लिया और कहा कि आप बैठो मैं बोलता हूं। लेकिन इसके बावजूद शिक्षा मंत्री उठ गए और उन्होंने संबोधित करना शुरू कर दिया। यह सब एक मजाकिया अंदाज में हुआ। भारद्वाज ने कहा कि विपिन परमार डॉक्टरों के हेड हैं इसलिए इनके समक्ष मांगे रखनी जरूरी हैं। इसके बाद शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने एक-एक करके मांगों को मंच से उठाया।