सेब सीजन के दौरान सेब की ढुलाई करने वाले वाहनों के पंजीकरण और निगरानी के लिए पंद्रह जुलाई से फागू में सेब नियंत्रण कक्ष शुरू हो जाएगा। यह जानकारी डीसी शिमला अमित कश्यप ने दी। बताया कि सेब सीजन के दौरान यातायात सुचारु रखने और सेब ढुलाई के लिए इस्तेमाल होनेे वाले वाहनों की निगरानी के लिए फागू में नियंत्रण कक्ष चौबीस घंटे सात दिन काम करेगा।
सेब ढुलाई के लिए आने वाले सभी वाहनों का नियंत्रण कक्ष में पंजीकरण होगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन अपने गंतव्य स्थान तथा जहां से माल लोड किया है के संबंध में जानकारी और दस्तावेज नियंत्रण कक्ष में दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे। नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मचारी वाहनों और दस्तावेजों की जांच करेंगे।
यह नियंत्रण कक्ष 31 अक्तूबर तक एसडीएम ठियोग की निगरानी में काम करेगा। सेब सीजन के दौरान सड़कें बंद न हो इसके लिए विशेष एहतियात बरती जाएगी। सड़कें बहाल रखने के लिए लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए जाएंगे। सेब से लदे ट्रकों को निकालने के लिए क्रेनों का बंदोबस्त करने के भी निर्देश दिए जाएंगे।
सेब सीजन के दौरान संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क किनारे अवैध रूप से सेब कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए जाएंगे इसके अलावा सेब सीजन में जाम की समस्या पेश न आए इसके लिए अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की जाएगी।