अमर उजाला ब्यूरो, चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में वीरवार को जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने किया। जन औषधि केंद्र के शुभारंभ पर प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। जन औषधि केंद्र में 752 किस्म की दवाइयां रखी गई हैं। अब मरीजों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध होंगी। सभी दवाइयां जेनेरिक और सस्ती हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र परियोजना के तहत इस केंद्र को खोला गया है। अस्पताल के डॉक्टरों को जन औषधि केंद्र की दवाइयां लिखने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई डॉक्टर निर्देशों की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों को साफ हिदायत दी गई है कि वे ज्यादा से ज्यादा दवाई जन औषधि केंद्र की ही लिखें, ताकि मरीजों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकें। प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि जन औषधि केंद्र का शुभारंभ हो चुका है। अब मरीजों को सस्ती और जेनेरिक दवाइयां मिलेंगी। डॉक्टरों को जेनेरिक दवाइयां लिखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश की अवमानना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।