मेयर-डिप्टी मेयर और भाजपा पार्षदों के बीच जारी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। नाराज पार्षद महापौर के साथ सोमवार को होने वाले भरयाल दौरे से किनारा कर सकते हैं। इनका कहना है कि वे मेयर और डिप्टी मेयर के साथ दौरे पर नहीं जाएंगे।
इसमें मेयर कुसुम सदरेट, उप महापौर राकेश शर्मा समेत सभी पार्षदों को भरयाल ले जाया जाना है। मेयर ऑफिस से बाकायदा सभी पार्षदों को इस बारे में फोन पर सूचना भी दे दी गई है। देखना रोचक होगा कि सोमवार को कितने पार्षद दौरे के लिए पहुंचते हैं।
इन पार्षदों ने भी किया किनारा
विपक्षी पार्षदों ने भी दौरे से किनारा कर लिया है। कांग्रेस पार्षद राकेश चौहान ने कहा कि मेयर के दौरे से उन्हें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन वे खुद इस दौरे पर नहीं जा रहे। कहा कि पार्षदों को संयंत्र दिखाने के बजाय इनके साथ वार्डों में जाना चाहिए जहां महीनों से कूड़ा नहीं उठ रहा। पहले शहर में सफाई व्यवस्था देखी जानी चाहिए। पार्षद अर्चना धवन, माकपा पार्षद शैली शर्मा भी फिलहाल दौरे पर नहीं जा रही हैं।