शहर में बिजली के अघोषित कट से लोग परेशान
बिना पूर्व सूचना के बोर्ड ने चार से पांच बार बंद की बिजली की आपूर्ति, रात साढ़े सात बजे तक परेशान रहे लोग
अंधेरे के चलते दुकानदारों को भी हुई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत बोर्ड के अघोषित बिजली कट से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।आलम यह है कि वीरवार दोपहर बाद से बिजली बंद रही जिसे शाम करीब 4 बजे बहाल किया गया। वहीं इसके कुछ अंतराल के बाद फिर से बिजली बंद होती रही। इससे जहां शहर के कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ी वहीं सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है।
बोर्ड द्वारा अघोषित कट लगने का कारण तकनीकी खराबी का हवाला दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार को विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं को कट की सूचना दी थी लेकिन वीरवार को बोर्ड ने बिना किसी सूचना के कट लगाने शुरू कर दिए। इस कारण लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इसमें सबसे ज्यादा सरकारी और निजी कार्यालयों के कर्मचारियों को बिजली न होने से दो चार होना पड़ा है। कारोबारियों का कारोबार भी इससे प्रभावित हुआ है। हालांकि शहर के कुछ एक नामी कारोबारियों के पास जरनेटर की सुविधा है। लेकिन छोटे कारोबारियों के पास बिजली की कोई वैकल्पिक सुविधा न होने से उनका कारोबार सुबह से शाम तक प्रभावित रहा।
मालरोड पर बिजली गुल होते ही हुल्लड़बाजी
शाम छह बजे बिजली गुल होते ही पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। बिजली गुल हुई तो माल रोड पर यातायात बंद था और उसे लोगों के घूमने के लिए खोला गया था। बिजली गुल होते ही पूरा माल रोड अंधेरे में डूब गया और शरारती तत्वों ने कुछ देर के लिए हुल्लड़बाजी शुरू कर दी। इससे माल रोड पर टहल रही महिलाओं और युवतियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
अधिकारियों के पास जानकारी नहीं
शहर में बार-बार बिजली गुल होने के कारणों का खुलासा करने की जगह बोर्ड के अधिकारी बहानेबाजी में मशगूल रहे। शहर में वीरवार को दिन भर में करीब चार से पांच बार बिजली के कट लगे और इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन जब बोर्ड के अधिकारियों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया।