अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
नामांकन से अब तक चुनाव प्रचार पर कितना पैसा बहाया, हर प्रत्याशी को सोमवार को इसका ब्यौरा निर्वाचन आयोग को सौंपना होगा। केंद्रीय निर्वाचन आयोग से आए निरीक्षक की मौजूदगी में चुनाव प्रचार के खर्च की जांच की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने राजधानी की तीनों सीटों के प्रत्याशियों को चुनाव खर्च की रिपोर्ट देने के लिए बुलाया है। उपायुक्त कार्यालय में शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों को बारी-बारी चुनाव खर्च का ब्यौरा देना होगा। बैठक में उम्मीदवार अपनी जगह अपने एजेंट को भेज सकता है। रिपोर्ट में उम्मीदवार को नामांकन से लेकर अब तक के खर्च को दिखाना होगा। इसमें हर दिन का खर्च दिखाना अनिवार्य है। निर्वाचन आयोग के अनुसार हर प्रत्याशी चुनाव प्रचार पर अधिकतम 28 लाख रुपये खर्च कर सकता है। इससे ज्यादा खर्च होने की स्थिति में उम्मीदवार पर कार्रवाई संभव है। फिलहाल निर्वाचन आयोग अपनी अलग-अलग टीमों के जरिये हर प्रत्याशी के खर्च और चुनाव प्रचार पर नजर रख रहा है।
.........
मतदान तक तीन बार होगी जांच
वैसे तो हर प्रत्याशी के चुनाव खर्च की रोज जानकारी ली जा रही है लेकिन केंद्रीय निरीक्षक की मौजूदगी में कुल तीन बार जांच की जाएगी। सोमवार के बाद तीन और सात नवंबर को भी जांच की जाएगी। उपायुक्त कार्यालय में सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे पहले शिमला ग्रामीण के उम्मीदवारों के खर्च का ब्यौरा लिया जाएगा। दोपहर बाद कसुम्पटी और फिर शिमला शहरी के उम्मीदवार अपनी रिपोर्ट देंगे। रिटर्निंग ऑफिसर भूपेंद्र अत्री ने बताया कि सभी उम्मीदवारों को इस बारे में जानकारी दी जा चुकी है।
000