हिमाचल प्रदेश में कोरोनोवायरस से मृत्यु: प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
हिमाचल में कोरोना से बुधवार को 19वीं मौत हो गई। डलहौजी की रहने वाली महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए मंगलवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। यहां जब महिला का कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके बाद उसे मंगलवार शाम को धर्मशाला कोविड अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। बुधवार सुबह महिला की मौत हो गई।
उधर प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 68 मामले आए हैं। सिरमौर जिले के पांवटा में 20, मंडी 21, चंबा 12, कांगड़ा छह, बिलासपुर तीन, शिमला एक और कुल्लू पांच में कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4318 पहुंच गया है। 1306 सक्रिय मामले हैं। 2951 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुधवार शाम पांच बजे की रिपोर्ट के मुताबिक 28 और मरीज ठीक हो गए हैं। राज्य में 19 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 40 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।
मंडी जिले में कोरोना संक्रमण के 21 नए मामले आए हैं। सभी संक्रमित बलद्वाड़ा क्षेत्र के हैं,जो पहले के संक्रमितों के प्राथमिक संपर्क बताए जा रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित कर्मचारी की ट्रैवल हिस्ट्री चंडीगढ़ की बताई जा रही है। संक्रमित कर्मचारी के विभाग को सील कर दिया गया है। वहीं एचपीयू में संक्रमण का मामला सामने आने के बाद ईसी, कोर्ट चुनाव भी टल सकते हैं। कर्मचारी संघ एचपीयू को सात दिनों के लिए बंद रखने की मांग को लेकर कुलपति से मुलाकात कर रहे हैं। गौरतलब है कि एचपीयू में यह दूसरा कोरोना पॉजिटिव मामला है। इससे पहले यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल में एक कर्मी संक्रमित निकला था।