अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव एवं कांग्रेस के पर्यवेक्षक बीके हरिप्रसाद ने लोकसभा चुनाव के लिए मोर्चा संभाला लिया है। हाईकमान ने हरिप्रसाद को शनिवार को दिल्ली से शिमला के लिए रवाना कर दिया है। पर्यवेक्षक लोकसभा चुनाव होने तक राजधानी शिमला में डेरा जमाए रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक एआईसीसी महासचिव बीके हरिप्रसाद को शिमला संसदीय सीट में हो रहे लोकसभा चुनाव पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। पर्यवेक्षक को भाजपा के चुनाव प्रचार पर भी बराबर नजरें रखने को कहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र में लोस चुनाव प्रचार को लेकर बराबर समीक्षा की जाती रहेगी। शिमला संसदीय क्षेत्र में होने वाले प्रचार में अभी तक कितनी रफ्तार पकड़ी जा सकी है। पार्टी प्रचार के दौरान पार्टी नेता कांग्रेस प्रत्याशी को कितना सहयोग दे रहे हैं, यह भी बारीकी से देखा जा रहा है।
पर्यवेक्षक बीके हरिप्रसाद को हाईकमान ने शिमला संसदीय क्षेत्र से बराबर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि शिमला सीट की पल-पल की स्थिति से वाकिफ हो सकें। शिमला सीट से भी हाईकमान के पास कोई अच्छे संकेत नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण से पर्यवेक्षक को शिमला में डेरा जमाने को भेजा है। हाईकमान हर रोज सुबह और शाम के कार्यक्रमों के लेकर विस्तृत रिपोर्ट भी तलब करेगा।