भाजपा शासित नगर निगम के कई पार्षद शहर में न सिर्फ अवैध निर्माण कर रहे हैं बल्कि अवैध निर्माण करने वाले कुछ भवन मालिकों पर जमकर मेहरबानी भी दिखा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कंगनाधार वार्ड में सामने आया है। यहां अवैध निर्माण करने वाले एक भवन मालिक को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी दीवार के बीचोंबीच रास्ते और पार्किंग की सुविधा दी जा रही थी।
भवन मालिक ने इसके लिए अपने भवन के ग्राउंड फ्लोर को खाली कर दिया और सरकारी दीवार का एक हिस्सा भी तोड़ डाला। आरोप है कि यह सब कुछ एक अन्य वार्ड की महिला भाजपा पार्षद की मिलीभगत से किया गया। महिला पार्षद निगम अफसरों पर भी दबाव डाल रही है कि इस भवन मालिक को दीवार के बीच से रास्ते की सुविधा दी जाए ताकि उसके भवन तक गाड़ी जा सके। नगर निगम के अनुसार इस भवन में अवैध निर्माण हुआ है जिसका मामला निगम कोर्ट में चल रहा है। इस भवन और सड़क के बीच में अभी नगर निगम की पक्की दीवार लगी है। बरसात में इस दीवार का कुछ हिस्सा ढह गया था।
नगर निगम ने रुकवाया काम
भवन मालिक ने गाड़ी लाने के लिए भवन का ग्राउंड फ्लोर खाली कर दिया और दीवार तोड़ना शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने भवन मालिक और पार्षद की इस मिलीभगत की शिकायत नगर निगम को कर दी। निगम ने इसका काम रुकवा दिया है। लेकिन पार्षद के कहने पर जब दोबारा काम शुरू हुआ तो लोगों ने फिर शिकायत कर दी। साथ ही स्थानीय पार्षद रेनू चौहान को भी शिकायत दी है। अब फिर से काम रोकने का नोटिस दिया है।
मुझे इसकी जानकारी नहीं
कंगनाधार वार्ड की पार्षद रेनू चौहान ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। यदि मेरे वार्ड में नियमों के खिलाफ किसी को ऐसी सुविधा दी जा रही है, तो नगर निगम उस पर कार्रवाई कर सकता है।
मौके पर काम रोकने को कहा है। भवन मालिक को यदि रास्ता चाहिए तो उसे नगर निगम की सड़क एवं भवन निर्माण शाखा में आवेदन करना होगा। बिना अनुमति काम होने पर नोटिस दिया गया है। - राजीव शर्मा, एपी नगर निगम