हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय 23 मई को आयोजित की गई एमकॉम की प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पत्र पर उठे विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा को दोबारा करवाने की तिथि अब तक तय नहीं कर पाया है। जबकि, पांच जुलाई को पूर्व में निर्धारित किए शेडयूल में एमकॉम की काउंसलिंग की तिथि तय की गई थी।
परीक्षा दोबारा करवाने के विवि के फैसले के मुताबिक जल्द प्रवेश परीक्षा की तिथि तय करने और काउंसलिंग की तिथि बदले जाने की मांग को लेकर एसएफआई की विवि इकाई का प्रतिनिधिमंडल अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. अरविंद कालिया से मिला।
इकाई अध्यक्ष जीवन ठाकुर और सचिव अनिल नेगी की अगुवाई में मिले कार्यकर्ताओं ने कहा कि एमकॉम की परीक्षा के पूर्व में सेट किए प्रश्न पत्र में एक अभ्यास पुस्तिका से ही सौ में से 90 प्रश्न पूछे जाने पर परीक्षा पर एसएफआई ने गोलमाल होने का आरोप लगाते हुए इसे रद्द करने और परीक्षा दोबारा करवाए जाने की मांग की थी।
विवि प्रशासन ने परीक्षा तो रद्द कर दी, लेकिन अभी तक इस परीक्षा को दोबारा करवाने को लेकर कोई तिथि तय नहीं की जा सकी है।
उन्होंने परीक्षा तिथि जल्द तय करने और काउंसलिंग की तिथि बदले जाने की मांग को डीएस के समक्ष उठाया और पूर्व में पेपर सेट करने में पाई गई गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग रखी। नेगी ने चेताया कि यदि मांगें पूरी न की गईं तो एसएफआई आंदोलन करेगी।