हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रोफेसर सुनील देष्टा को लॉ फैकल्टी का नया डीन बनाया गया है। वह डीन के साथ विवि के विधि विभाग के नए विभागाध्यक्ष भी होंगे। विवि ने इसकी अधिसूचना कुलसचिव ने जारी कर दी है। प्रो. देष्टा करीब छह माह से अधिष्ठाता छात्र कल्याण के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं।
वह 24 वर्षों से विधि विभाग में बतौर शिक्षक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। विवि के पांच वर्षीय विधि कोर्स करवाने वाले यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के निदेशक रहे हैं। इस दौरान वह लुधियाना में महिला विधि शिक्षण संस्थान सिधवां खुर्द में भी प्रिंसिपल के रूप में कार्य कर चुके हैं।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र धर्मशाला में पंचवर्षीय विधि पाठ्यक्रम के संस्थापक निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं। संवैधानिक कानून के विशेषज्ञ होने के साथ ही एक शोधकर्ता और गाइड भी हैं।
उनकी 8 पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं और 40 विशेष लेख प्रकाशित हो चुके हैं। वह जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में शोध विकास समिति के सदस्य हैं।