शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान एक बार फिर से हिमाचल दिवस समारोह का गवाह बनेगा। इसमें जवानों की परेड की कदमताल के साथ ही स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां और चार जिलों से बुलाए गए लोक नर्तक दलों की रंगारंग प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ध्वजारोहण करेंगे। वह प्रदेश की जनता को कोई तोहफा भी दे सकते है।
समारोह में शहर के तीन सरकारी स्कूलों के छात्र सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। चार जिलों के लोक नर्तक दलों को भी प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया है। इनमें मंडी जिला के मांडव्य कला मंच लोक नृत्य दल के साथ ही बिलासपुर का नटराज सांस्कृतिक दल पारंपरिक रुकमणि लोक गायन और नृत्य घट की प्रस्तुति देगा। इसके साथ ही जिला सिरमौर का चूडे़श्वर लोक नृत्य सांस्कृतिक दल 500 साल पुराने लोक नृत्य सिहंटू की प्रस्तुति देगा। इसके अलावा जिला किन्नौर का देवी दुर्गा स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब किन्नौरी कायण नृत्य की प्रस्तुति भी देगा।
आईटीबीपी के हथियारों की होगी प्रस्तुति
इस दौरान आईटीबीपी के जवान हथियारों के साथ अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम पर लघु नाटिका की प्रस्तुति होगी। इसमें बढ़ते जा रहे साइबर अपराध को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं इससे बचाव और ऐसे क्राइम की जांच की प्रक्रिया आदि के बारे में जागरूक किया जाएगा।
परेड में ये होंगे शामिल
परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड्स की महिला व पुरुष जवानों की टुकड़ियों के साथ ही यातायात पुलिस, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ी के साथ हिमाचल प्रदेश पुलिस और होम गार्ड्स बैंड के जवान हिस्सा लेंगे। चतुर्थ भारतीय रिजर्व वाहिनी जंगलबैरी प्रथम, चतुर्थ भारतीय रिजर्व वाहिनी जंगलबैरी, भारतीय रिजर्व वाहिनी बस्सी महिला की टुकड़ी भी परेड में हिस्सा लेगी।