शिमला। जिले में हजारों लोगों को पिछले छह महीने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिली है। सुरक्षा पेंशन न मिलने से बुजुर्गाें, विधवाओं, असहाय और दिव्यांगों के घरों का निर्वाह मुश्किल हो गया है। जिले में मौजूदा समय करीब 47 हजार लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं।
जिले में 47 हजार 443 बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को करीब छह माह से सुरक्षा पेंशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। साल में चार बार इन लाभार्थियों को सामाजिक पेंशन मिलती है, जबकि पिछले छह माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन न मिलने से बुजुर्ग परेशान हैं। कई लोग कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इन्हें जुलाई से लेकर दिसंबर महीने तक की पेंशन नहीं मिली है। जिले में इस समय 31 हजार 487 साठ साल या इससे अधिक के बुुजुर्ग वृद्धावस्था सम्मान पेंशन ले रहे हैं। 10 हजार 692 विधवाओं को यह पेंशन दी जा रही है। 4 हजार 997 दिव्यांग के अलावा 267 कुष्ठ और असहाय भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। इन सभी पात्र लाभार्थियों को जुलाई से सितंबर और अक्तूबर से लेकर दिसंबर महीने तक की पेंशन नहीं मिल पाई है।
केस 1: लोअर कैथू में रहने वाले नरेंद्र ने बताया कि माता प्रकाशो देवी (82) की सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने जिला कल्याण कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से पेंशन नहीं मिली है।
केस 2 : ठियोग के निवासी कौल राम ने बताया कि पेंशन न मिलने से दवाइयों और दूसरी जरूरतमंद चीजों को लेने के लिए मोहताज होना पड़ रहा है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
इस माह मिलेगी पेंशन
पोस्ट ऑफिस के साथ एमओयू साइन हुआ। पेंशन के लिए पोस्ट ऑफिस में खाते खुलवाना अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि अभी तक ऐसी कोई अनिवार्यता नहीं थी। नई व्यवस्था के बाद जिले के करीब 47 हजार लोगों के खाते डाकघर में खोलने में काफी दिक्कतें आईं। मौजूदा समय में करीब सभी लोगों के खातों को पोस्ट ऑफिस से लिंक कर दिया गया है। दिसंबर में सभी लोगों के खातों में पेंशन डाल दी जाएगी।
प्रताप नेगी, जिला कल्याण अधिकारी शिमला।