अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कालीबाड़ी हॉल में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित की गई जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में लोकगीत में घोषित किए गए परिणाम पर जाठिया देवी युवा संगठन ने सवाल खड़े किए हैं। संगठन के प्रतिनिधियों ने डीएसओ से इसकी लिखित में शिकायत भी की है। संगठन की ओर से समूह गान स्पर्धा में प्रतिभागी रहे राहुल ठाकुर, मनीश महेंद्रु, नितेश ठाकुर, हिमांशु शर्मा, मानी, राहुल, विनोद सहित मोहन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि निर्णायक मंडल ने जिस ग्रुप को प्रथम घोषित किया है, उसने तय समय सीमा से पहले ही लोकगीत को समाप्त कर दिया था। इसके लिए न्यूनतम पांच मिनट समय तय किया गया था। ग्रुप ने पांच मिनट से पहले ही अपनी प्रस्तुति समाप्त कर दी थी। इन प्रतिभागियों ने आरोप लगाया है कि तय समय से कम वाले को विजयी घोषित किए जाने की शिकायत करने के बावजूद फैसला सही नहीं किया गया। उन्होंने जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग अधिकारी डीएसओ शिमला से मांग उठाई है कि इस फैसले की जांच की जाए और सही फैसला दिया जाए। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी प्रेम शर्मा ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है, जिस पर छानबीन की जा रही है। अब तक निर्णायकों से पूछताछ की गई है, उसमें फैसले में कोई गलती नहीं पाई गई है। उनका कहना है कि लोकगीत में विजेता घोषित करने में जज सिर्फ समय ही नहीं देखते उसमें और कई तय मानकों पर भी आकलन करते हैं।