शिमला। राजधानी शिमला के स्कैंडल प्वाइंट पर चुनाव आयोग ने मतदाताओं का स्वागत करने के लिए आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया था। शहर के इस मतदान केंद्र में महिलाएं, बुजुर्गों और युवाओं ने अपना वोट डाल कर अपने मतदान का उपयोग किया। आदर्श मतदान केंद्र में रेड और ग्रीन कारपेट बिछा कर युवाओं का स्वागत किया गया। व्हीलचेयर पर मतदान करने आए मतदाताओं का फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। वहीं, मतदाताओं के साथ आए उनके बच्चों को टॉफियां भी बांटी गईं। मतदाताओं को बैठने के लिए टेंट में कुर्सियों का इंतजाम भी किया गया था। अपने मतदान का उपयोग करने के लिए शहर के मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान केंद्रों का रुख करना शुरू कर दिया था। दोपहर तक केंद्रों में धीमा मतदान होता रहा, लेकिन दोपहर बाद पोलिंग बूथों पर वोटरों की तादाद बड़ती दिखाई दी। शहर के युवाओं में भी मतदान के लिए जोश दिखा।