अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लोरेटो कॉन्वेंट ताराहाल में शनिवार को मिडिल स्कूल छठी से आठवीं कक्षा तक का वार्षिक समारोह धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इसमें इन तीन कक्षाओं की छात्राओं ने नृत्य नाटक द साउंड आफ म्यूजिक की प्रस्तुति देकर मौजूद दर्शकों को बताया कि म्यूजिक आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने और हर किसी को आकर्षित करने की क्षमता रखता है। नृत्य नाटक में संदेश दिया गया था कि मां की ममता का कोई मोल नहीं है। छात्राओं ने गीत संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर इस नाटक का सफलता पूर्वक मंचन किया। इसे मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा। समारोह में भाषा एवं संस्कृति विभाग की निदेशिका रूपाली ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शरीक हुईं। स्कूल प्रधानाचार्या सिस्टर स्टेफिनी राडॅरिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। दोपहर बाद शुरू हुए समारोह में पेश किए गए नृत्य नाटक का मुख्यातिथि ने भरपूर आनंद लिया और छात्राओं की प्रतिभा को खूब सराहा। इस नाटका में मुख्य भूमिका सभ्या कंवर, याज्वी सियोगी, आस्था भैक, ओजस्वी केस्टा, ऋद्घि श्रेष्ठा, आकर्षिता, आलोक सूद, श्रेया ठाकुर, अमानत चौहान, अग्रिमा पखरेटिया ने निभाई। कार्यक्रम में 485 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं के संगीत समूह ने नृत्य नाटिका में चार चांद लगा दिए। छात्राओं के आत्मविश्वास, नाटक और नृत्य कला ने सभी लोगों को आकर्षित किया। अंत में प्रधानाचार्या सिस्टर स्टेफिनी ने छात्राओं के बेहतरीन प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी। समारोह में स्कूल के शिक्षकों ऋतु शर्मा, प्रीति सिंह, रेखा शर्मा, नरेंद्र कुमार ने भरपूर सहयोग किया।