शिमला। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और शिमला शहर से प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पूर्वज राजा थे, उनके नाम पर वह अब भी वोट मांगते हैं। लेकिन वोट मिलने के बाद उसी वोटर का सिर्फ उत्पीड़न करते हैं। बागवानी क्षेत्र की बदतर हालात पर चिंता जताते हुए भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर खराब गुणवत्ता वाले सेब के रूट स्टॉक के निर्यात की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश के बागवानों को प्रदेश सरकार ने पूरी तरह नजरंदाज किया है, वहीं दूसरी ओर खराब और वायरस युक्त पौधे लाकर बची हुई फसल को भी खराब करने का काम किया है। अपने एक खास को पदासीन कराने के लिए वीरभद्र सरकार ने कई तरह के अनैतिक निर्णय लिए, जिसकी जांच आवश्यक है। भारद्वाज ने कहा कि पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा प्रदेश में पहली बार बागवानों को बर्फबारी से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एंटी हेलगन लेकर आए लेकिन प्रदेश की वर्तमान सरकार ने आते ही राजनीतिक द्वेष के चलते उन गनों को बंद करा दिया। बागवानों ने परेशानी और नुकसान से बचने के लिए अपने पैसे से एंटी हेलगन विदेशों से निर्यात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आने पर वह सभी सेब उगने वाले क्षेत्रों में इन गनों को लगवाने का प्रयास करेंगे।