शिमला। सूबे में विधानसभा चुनाव क्या आए, नगर निगम शिमला मालामाल हो गया। पानी बिल और टैक्स का लाखों रुपया जो बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी वसूल नहीं हो रहा था, वह एकाएक चुकता होने लगा। अब नामांकन से ठीक पहले विधायक बलवीर वर्मा ने भी 6.34 लाख रुपये पानी बिल जमा करवा दिया है।
निगम की ओर से शुक्रवार को दो नेताओं को एनओसी जारी की गई। इनमें विधायक बलवीर वर्मा और परिवहन मंत्री जीएस बाली शामिल हैं। इनमें बाली को तो आसानी से एनओसी मिल गई। लेकिन बलवीर वर्मा को पानी बिल का लाखों रुपये चुकता करना पड़ा। चुनाव के चलते निगम के कैश काउंटर शुक्रवार छुट्टी वाले दिन भी खुले रखे गए थे। इसी दौरान परिवहन मंत्री जीएस बाली और विधायक बलवीर वर्मा की ओर से एनओसी के लिए आवेदन मिले। बाली के बिल पहले से क्लीयर थे। ऐसे में उन्हें तुरंत एनओसी दे दी गई। विधायक बलवीर वर्मा को पानी बिल के 6.34 लाख रुपये चुकाने थे। बिल जमा करने के बाद उन्हें भी एनओसी दे दी गई। वहीं, राकेश शर्मा ने भी एनओसी के लिए आवेदन किया है। निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि दो लोगों को एनओसी जारी की गई है।
निगम के खजाने में जमा हुए 28 लाख
निगम प्रशासन के अनुसार अब तक टैक्स और पानी बिल के रूप में करीब 28 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। इनमें 20 लाख रुपये टैक्स तो अकेले कांग्रेस भवन का है, जो चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद जमा किया गया था। वहीं, अब विधायक बलवीर वर्मा ने भी लाखों रुपये का पानी बिल जमा किया है। अब तक टैक्स और पानी बिल के 70 से ज्यादा एनओसी जारी हो चुके हैं।
अब टैक्स शाखा को विधायक का इंतजार
नामांकन के लिए प्रत्याशियों को टैक्स संबंधी एनओसी की भी जरूरत पड़ रही है। ऐसे में निगम की टैक्स शाखा में भी रोज एनओसी के लिए आवेदन आ रहे हैं। निगम की टैक्स शाखा को विधायक बलवीर वर्मा का भी इंतजार है, जिन्होंने टैक्स के करीब 42 लाख रुपये जमा करने हैं। उन्हें इस बाबत आखिरी नोटिस भी जारी हो चुका है। एनओसी लेने के लिए विधायक को टैक्स का यह पैसा भी चुकाना पड़ेगा।