अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। राज्य योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने श्री नयनादेवी चुनाव क्षेत्र के राजपुरा से हिमाचल पथ परिवहन की बस को हरी झंडी देकर रवाना
किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों स्कूली बच्चों तथा ड्यूटी के लिए आने-जाने वाले कर्मचारियों की मांग को पूरा करते हुए बिलासपुर से खरोटा तक वाया चिल्ला चरणमोड़ बस सुविधा दी गई है।
यह बस सायं 4:40 बजे बिलासपुर से चलेगी और काठीपुरा, राजपुरा, चिल्ला-चरणमोड़, दयोथ होते हुए लोहारड़ा सायं 6:15 पर पहुंचेगी। लोहारड़ा से आगे खरोटा तक रोड़ क्लीयरेंस का प्रमाणपत्र अभी तक एचआरटीसी को नहीं मिला है, जो अगले दो-तीन दिनों के भीतर एचआरटीसी को उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
उसके उपरांत लोहारड़ा से आगे खरोटा तक बस रूट को बढ़ा दिया जाएगा। अभी बस का रात्रि ठहराव लोहारड़ा में ही होगा और यह बस अगले दिन सुबह 7:15 बजे लोहारड़ा से वाया दयोथ चिल्ला, चरणमोड़, राजपुरा होते हुए बिलासपुर के लिए रवाना होगी।
इस बस के चलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। हाल ही श्री नयनादेवी क्षेत्र में बहुत सी नई सड़कें बनकर तैयार हुई है और लोगों की मांग है कि उन सड़कों में भी बस जाए।
एचआरटीसी अधिकारियों के साथ बातचीत जारी है और जैसे से बसें उपलब्ध होगी तुरंत उन सड़कों पर भी बस रूट चलाकर ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को बस सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी।